राष्ट्रीय साक्षरता मिशन में बैतूल जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन, कलेक्टर सहित टीम को मिला सम्मान

बैतूल जिले को नवभारत साक्षरता परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता पर मिला राज्य स्तरीय सम्मान

बैतूल । राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण, भारत सरकार नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित ‘उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा’ में बैतूल जिले ने उत्कृष्ट सफलता अर्जित की है। इस उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, डीपीसी श्री भूपेंद्र वरकड़े एवं जिला सह-समन्वयक को राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा आयोजित समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह 15 अक्टूबर 2025 को भोपाल स्थित राज्य शिक्षा केंद्र में आयोजित हुआ। उल्लेखनीय है कि 20 सितंबर 2025 को संपन्न हुई परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के ऐसे वयस्क शामिल हुए जिन्होंने औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं की थी। प्रदेश में कुल 50,049 नवसाक्षरों को परीक्षा में शामिल करने का लक्ष्य था, जिसके विरुद्ध बैतूल जिले ने 47,933 नवसाक्षरों को सम्मिलित कर 96 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया।

 

शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में धूमधाम से की गई गोवर्धन पूजा

कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बैतूल में पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह भदौरिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गोवर्धन भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात गौमाता की पूजा कर गोग्रास खिलाया गया।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उपायों पर भी चर्चा की।

 

छात्रों को दिलाई स्वच्छता की शपथ, स्वच्छ भारत का लिया संकल्प

स्वच्छता अभियान के तहत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बैतूल में विद्यार्थियों को जीवन में स्वच्छता के महत्व को समझाया गया।
प्राचार्य डॉ. भदौरिया ने बताया कि सभी छात्रों ने स्वच्छता की शपथ ली और यह संकल्प लिया कि वे अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।

Leave a Comment