बैतूल । कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग बैतूल ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने शाहपुर, घोड़ाडोंगरी और आमला क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण करते हुए एक डंपर और चार ट्रैक्टर-ट्राली को अवैध परिवहन में संलिप्त पाकर जब्त किया।
घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में कार्रवाई
11 अक्टूबर 2025 को घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान डंपर क्रमांक एमएच 40 सीटी 3976 को गिट्टी और डस्ट के अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन को पुलिस चौकी घोड़ाडोंगरी में खड़ा कराया गया है।
इसके अलावा ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 48 ए 7231 को भी अवैध परिवहन में लिप्त पाए जाने पर पुलिस थाना सारणी की अभिरक्षा में रखा गया।
शाहपुर क्षेत्र में बिना नंबर के ट्रैक्टर पकड़े गए
शाहपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान दो ट्रैक्टर (सोनालिका और फार्मट्रैक, बिना नंबर) को खनिज रेत के अवैध परिवहन करते पाया गया। दोनों वाहनों को जप्त कर वाहन मालिक की सुपुर्दगी में दिया गया है।
आमला क्षेत्र में भी हुई कार्रवाई
आमला क्षेत्र में ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 48 एए 7393 को रेत के अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन को पुलिस थाना आमला की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है।
कानूनी कार्रवाई जारी
खनिज विभाग ने बताया कि सभी वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मध्यप्रदेश अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण नियम 2022 के तहत न्यायालय अपर कलेक्टर बैतूल में प्रस्तुत किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा कड़ी कार्यवाही जारी है।




