एमपी ई-सेवा पोर्टल की सेवाओं और उपयोग प्रक्रिया का प्रचार सुनिश्चित किया जाए: कलेक्टर श्री सूर्यवंशी

एमपी ई-सेवा पोर्टल पर प्रशिक्षण आयोजित, कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहाअब सरकारी सेवाएं होंगी और अधिक सरल व पारदर्शी

कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में सोमवार को एमपी ई-सेवा पोर्टल को लेकर एक विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आम जनता को सभी आवश्यक सरकारी सेवाएं एक ही डिजिटल मंच पर सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिलें।

कलेक्टर ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए एमपी ई-सेवा पोर्टल को नई सुविधाओं के साथ लगातार अपडेट किया जा रहा है। ताकि नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं घर बैठे ऑनलाइन मिल सकें । उन्होंने कहा कि अब जाति, निवास, आय सहित अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाए बिना, घर बैठे ऑनलाइन आवेदन और स्टेटस ट्रैकिंग की सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।

 

पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन, सेवा की स्थिति (स्टेटस) ट्रैकिंग, और प्रमाणपत्र डाउनलोड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

 

जिले में प्रचार-प्रसार का विशेष अभियान चलाने के निर्देश

कलेक्टर सूर्यवंशी ने प्रशिक्षण सत्र के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि—

  • एमपी ई-सेवा के बैनर कियोस्क, लोक सेवा केंद्र (LSK), CSC, नगरीय निकाय, जिला पंचायत, जनपद पंचायत और कलेक्ट्रेट कार्यालय में अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
  • प्रचार पर्चों का प्रिंट करवाकर उन्हें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों तक पहुँचाया जाए।
  • सार्वजनिक कार्यक्रमों और शिविरों में भी पोर्टल की जानकारी दी जाए।
  • जिला स्तर की बैठकों में अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल की उपयोगिता और प्रक्रिया से अवगत कराया जाए।

उन्होंने कहा कि ई-दक्ष केंद्रों पर प्रशिक्षण आयोजित कर हितधारकों और सेवा प्रदाताओं को पोर्टल के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाए, ताकि वे नागरिकों को बेहतर सहयोग दे सकें।

 

क्रियान्वयन की निगरानी के लिए समिति सक्रिय

कलेक्टर ने बताया कि एमपी ई-सेवा पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर, लोक सेवा केंद्र मैनेजर, ई-दक्ष केंद्र प्रशिक्षक और अन्य प्रतिनिधियों की एक समिति बनाई गई है।
यह समिति समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन तैयार कर जिला कार्यालय को भेजेगी। प्रशिक्षण के दौरान जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर ने अधिकारियों व कर्मचारियों को पोर्टल की मुख्य विशेषताएं, उपयोग प्रक्रिया और नई जोड़ी गई सेवाओं की जानकारी दी।

एमपी ई-सेवा पोर्टल की वर्तमान सेवाएं

वर्तमान समय में 26 विभागों की 500 से अधिक सेवाएं एमपी ई-सेवा पोर्टल पर उपलब्ध हैं। आगामी चरणों में 1700+ सेवाओं को पोर्टल पर ऑनबोर्ड करने की योजना है।

उपलब्ध सेवाओं में—ऑनलाइन आवेदन, सेवा की स्थिति (स्टेटस) ट्रैकिंग, रसीद एवं प्रमाणपत्र डाउनलोड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन सभी सेवाओं को 12 मुख्य श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
सुविधा सेवाएं, प्रमाणपत्र, लाइसेंस एवं कर, राजस्व, कृषि एवं ग्रामीण विकास, पेंशन/लाभ, सामाजिक कल्याण एवं सशक्तिकरण, शिक्षा एवं अधिगम, शहरीकरण, आवास एवं पर्यावरण, ऊर्जा, परिवहन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर, बिज़नेस, निवेश एवं प्रमोशन, स्वास्थ्य व कल्याण, न्याय, शिकायत, यात्रा, संस्कृति, पर्यटन, रोजगार/उद्यमिता, कौशल, युवा एवं खेल।

Leave a Comment