सिंगरौली। जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली शहर द्वारा “वोट चोर गद्दी छोड़” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पूरे अनुशासन के साथ विरोध प्रदर्शन किया।
रैली का मार्ग और जनसमर्थन
बाइक रैली की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय बिलौजी से हुई। रैली अंबेडकर चौक, तुलसी मार्ग, मस्जिद तिराहा, ट्रैफिक तिराहा, कॉलेज मोड़ होते हुए माजन मोड़ से गुजरकर जिला दंडाधिकारी कार्यालय पहुँची।
पूरा शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों – “वोट चोर गद्दी छोड़” – से गूंज उठा।
ज्ञापन सौंपा गया
जिला दंडाधिकारी कार्यालय पहुँचने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में 9 सूत्रीय ज्ञापन का वाचन किया और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु निर्णायक कार्यवाही की मांग रखी।
प्रवीण सिंह चौहान का बयान
मीडिया से चर्चा करते हुए प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि – पूरे देश में वोटर लिस्ट में भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं, सिंगरौली भी इससे अछूता नहीं है। प्रारूप 6 (नए नाम जुड़ने) और प्रारूप 7 (नाम कटने) की सूची को विधानसभा एवं बूथवार सार्वजनिक किया जाए। दिवंगत मतदाताओं के नाम हटाकर सूची को स्पष्ट किया जाए। स्थानांतरित और 10 से अधिक मतदाताओं वाले मकानों की जानकारी सार्वजनिक की जाए। मतदाता सूची को डिजिटल और रीडेबल फॉर्मेट में उपलब्ध कराया जाए। सेवानिवृत्त और बाहर स्थानांतरित कर्मचारियों के नामों को हटाने के लिए बूथवार कैंप आयोजित किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के पास योग्य कार्यकर्ताओं की टीम है जो मतदाता सूची की जाँच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।
नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना
कार्यक्रम के दौरान कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें प्रमुख रूप से – शिवसेना के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश बराठे, बहुजन समाजवादी पार्टी से हीरालाल साकेत, कम्युनिस्ट पार्टी के जिंदलाल रजक शामिल हैं। इन नेताओं ने कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के हाथों पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।




